राघोपुर (सुपौल)।
राघोपुर थाना क्षेत्र के सिमराही बाजार में पुलिस ने अवैध लॉटरी कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कारोबारी को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान उसके पास से 400 प्रतिबंधित लॉटरी टिकट, 6 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन, सिम कार्ड तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस ने सभी सामान जब्त कर आरोपी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार को राघोपुर पुलिस नियमित गश्ती पर थी। इसी दौरान रामविशनपुर चौक के समीप गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति यामाहा एफजेडएस मोटरसाइकिल से सिमराही बाजार पहुंचकर शंभु टी स्टॉल के आसपास अवैध लॉटरी टिकट की बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने वरीय अधिकारियों को अवगत कराते हुए त्वरित कार्रवाई की योजना बनाई।
दोपहर करीब 12:15 बजे पुलिस टीम सिमराही बाजार पहुंची। पुलिस वाहन को देखते ही संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल से भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उसे शंभु टी स्टॉल के सामने एनएच-27 पर पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपनी पहचान अरविन्द प्रसाद गुप्ता (52 वर्ष), निवासी वार्ड संख्या-04, सिमराही बाजार, थाना राघोपुर, जिला सुपौल के रूप में बताई।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दो स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में आरोपी की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से 40 बंडल में रखे कुल 400 लॉटरी टिकट बरामद हुए। सभी टिकटों पर नागालैंड स्टेट लॉटरीज अंकित था। इसके अलावा एक विवो मोबाइल फोन, दो सिम कार्ड और 6 हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह मोटरसाइकिल से विभिन्न क्षेत्रों में घूम-घूमकर लॉटरी टिकट की बिक्री करता था। पुलिस ने बरामद लॉटरी टिकट, नकदी, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल को विधिवत जब्त कर लिया। कारोबारी के खिलाफ थाना में कांड संख्या दर्ज कर बुधवार को उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध लॉटरी कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।
खबरें और भी हैं…….




