सिमराही (सुपौल)
राघोपुर प्रखंड के सिमराही में रविवार की देर रात हुए भीषण अग्निकांड से प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए समाजसेवी सचिन माधोगड़िया ने पीड़ित से मिलकर सांत्वना दिया। इस दौरान उन्होंने सोमवार को अग्निपीड़ित परिवारों के बीच राहत सामग्री का वितरण कर मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया।
सुबह करीब 11 बजे आयोजित राहत वितरण कार्यक्रम के दौरान पीड़ित परिवारों को साड़ी, लुंगी, बेडशीट तथा राशन सामग्री किट उपलब्ध कराई गई। राहत सामग्री पाकर प्रभावित परिवारों ने राहत की सांस ली और सहयोग के लिए समाजसेवियों के प्रति आभार जताया।
इस अवसर पर सचिन माधोगड़िया ने कहा कि आपदा की घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा होना समाज का नैतिक दायित्व है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी जरूरतमंदों की सहायता के लिए वे हमेशा तत्पर रहेंगे। उन्होंने कहा कि विपत्ति के समय पीड़ित लोगों की सेवा करना सबसे बड़ा मानव धर्म है।
राहत वितरण कार्यक्रम में समाजसेवी उमेश गुप्ता, प्रशांत वर्मा एवं श्याम सरदार समेत अन्य लोगों ने भी सक्रिय सहयोग किया। सभी ने मिलकर प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाई और उनका हालचाल जाना।
स्थानीय लोगों ने समाजसेवियों की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि संकट की घड़ी में समाज के सक्षम लोगों का सहयोग पीड़ित परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित होता है।
गौरतलब है कि सिमराही में हुए अग्निकांड में कई परिवारों के घर, अनाज, कपड़े और दैनिक उपयोग की वस्तुएं जलकर नष्ट हो गई थीं। ऐसे में राहत सामग्री का यह वितरण प्रभावित परिवारों के लिए काफी मददगार साबित हुआ।
खबरें और भी हैं….




