सुपौल : राघोपुर में तीन दिवसीय सहयोग सह जनकल्याण शिविर का समापन, अंतिम दिन उमड़ी लाभुकों की भीड़

SHARE:

राघोपुर(सुपौल )

आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान तथा सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से राघोपुर प्रखंड मुख्यालय परिसर में आयोजित तीन दिवसीय सहयोग सह जनकल्याण शिविर का गुरुवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। शिविर के तीसरे एवं अंतिम दिन बड़ी संख्या में प्रखंड क्षेत्र के ग्रामीण पहुंचे और विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं एवं आवेदन प्रस्तुत किए। प्राप्त अधिकांश मामलों का संबंधित विभागों द्वारा मौके पर ही निष्पादन किया गया। प्रधानमंत्री के कार्यकाल के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे 12 साल विश्वास के, विकास के और जनकल्याण के अभियान के तहत आयोजित इस शिविर में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित अलग-अलग काउंटर लगाए गए थे, ताकि लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी सेवाओं की जानकारी एवं लाभ उपलब्ध कराया जा सके। शिविर में आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत नए कार्ड बनाए गए। वहीं 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए आयुष्मान वय वंदना कार्ड का पंजीकरण किया गया। इसके अलावा सामाजिक सुरक्षा पेंशन (वृद्धा, विधवा एवं दिव्यांग), पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, लखपति दीदी योजना, पीएम स्वनिधि, मनरेगा, किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना, दिव्यांग कल्याण योजनाएं, बिहार निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड, मुख्यमंत्री स्वयं सहायता भत्ता योजना सहित कई योजनाओं के लिए आवेदन और पंजीकरण की प्रक्रिया संचालित की गई। शिविर में मौजूद विभागीय अधिकारियों एवं कर्मियों ने लोगों की शिकायतें सुनकर उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की तथा विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी। इस मोके पर बीडीओ राघोपुर सत्येन्द्र कुमार यादव ने बताया कि तीन दिवसीय सहयोग सह जनकल्याण शिविर का सफल समापन हो गया है। उन्होंने कहा कि शिविर में सभी विभागों की सहभागिता सुनिश्चित की गई थी, जिससे आम नागरिकों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर सहजता से उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों का उद्देश्य आम जनता और सरकारी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा लोगों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करना है। कहा की अंतिम दिन प्राप्त 215 आवेदनों में से 105 आवेदन का शिविर के दौरान ही निष्पादन कर दिया गया।

खबरें और भी हैं…….

News Bihar Live
Author: News Bihar Live

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!