सुपौल : सिमराही में निकला भव्य मोहर्रम जुलूस, ‘नारे-ए-तकबीर’ से गूंजा इलाका

SHARE:

राघोपुर (सुपौल) 

राघोपुर प्रखंड क्षेत्र में गुरुवार को मोहर्रम के अवसर पर भव्य जंगी जुलूस निकाला गया। सिमराही समेत आसपास के विभिन्न गांवों और पंचायतों से निकले जुलूसों के एक साथ बाजार पहुंचने पर पूरा इलाका धार्मिक नारों और उत्साह से गूंज उठा। हजारों की संख्या में शामिल युवाओं ने पारंपरिक अस्त्र-शस्त्रों के साथ हैरतअंगेज करतब का प्रदर्शन कर लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

जुलूस में शामिल युवाओं के हाथों में तिरंगा एवं धार्मिक झंडे लहरा रहे थे। वहीं कई मोटरसाइकिलों और वाहनों को भी झंडों से सजाया गया था। युवाओं ने लाठी, डंडा और अन्य पारंपरिक हथियारों के साथ शौर्य प्रदर्शन किया। जुलूस सिमराही बाजार स्थित एनएच-106 एवं एनएच-57 से होकर करजाइन रोड, अस्पताल चौक, स्टेशन रोड सहित विभिन्न मार्गों से गुजरता हुआ आगे बढ़ा।

सिमराही, रामविशनपुर, दहिपौड़ी, गद्दी, रामपुर, राघोपुर, पिपराही, गणपतगंज, बेरदह सहित कई गांवों और पंचायतों से पहुंचे जुलूसों के कारण बाजार क्षेत्र में भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान हजारों लोग जुलूस में शामिल हुए और मोहर्रम की परंपराओं का निर्वहन किया।

कई घंटे तक प्रभावित रहा यातायात

जुलूस के कारण सिमराही बाजार एवं राष्ट्रीय राजमार्ग-57 तथा 106 पर लगभग तीन से चार घंटे तक यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को जाम की समस्या का सामना करना पड़ा। हालांकि प्रशासनिक अधिकारियों एवं पुलिस बल ने लगातार प्रयास कर यातायात व्यवस्था को नियंत्रित किया।

पेयजल की व्यवस्था, उत्साह में झूमे युवा

जुलूस मार्ग के विभिन्न चौक-चौराहों पर श्रद्धालुओं और प्रतिभागियों के लिए पेयजल की व्यवस्था की गई थी। वहीं लाउडस्पीकर की धुन पर युवा उत्साहपूर्वक झूमते और पारंपरिक प्रदर्शन करते नजर आए। पूरे क्षेत्र में धार्मिक आस्था, उत्साह और भाईचारे का माहौल बना रहा।

प्रशासन रहा पूरी तरह मुस्तैद

मोहर्रम जुलूस के दौरान शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। वीरपुर एसडीएम नीरज कुमार, एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार, साइबर डीएसपी गौरव गुप्ता, लाइन डीएसपी रामानंद कौशल, इंस्पेक्टर राजेश कुमार चौधरी, अंजु तिवारी, राघोपुर बीडीओ सत्येंद्र कुमार यादव तथा थानाध्यक्ष अमित कुमार राय लगातार निगरानी करते रहे।

इसके अलावा विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में पुलिस बल जुलूस मार्ग पर तैनात रहे। प्रशासन की सतर्कता और स्थानीय लोगों के सहयोग से पूरा आयोजन शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ तथा कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।

इस संबंध में एसडीएम नीरज कुमार ने बताया कि राघोपुर थाना क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों से पहुंचे सभी जंगी जुलूस सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो रहे हैं। सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

मौके पर मोहम्मद जमील अनवर उर्फ टुन्ना, मोहम्मद अकरम राजा, अताउल रहमान, मोहम्मद आफताब, प्रमोद साह, चंदू दास, बालमुकुंद चौधरी, बिंदा प्रसाद गुप्ता, मोहम्मद अमान, मोहम्मद फैज, मोहम्मद रिजवान, मोहम्मद आजाद, मोहम्मद सदरुल, मोहम्मद तौफिक, अकरम मलिक, अतहर, अरमान सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद थे।

खबरें और भी हैं…….

News Bihar Live
Author: News Bihar Live

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!