राघोपुर (सुपौल)।
सुपौल जिले के नगर पंचायत सिमराही वार्ड संख्या-12 स्थित न्यू मार्केट राघोपुर निवासी एवं बीपीएससी की परीक्षा उत्तीर्ण कर बीडीओ बने रोशन कुमार को बुधवार को पिपराही स्थित गायत्री मंदिर परिसर में आयोजित एक सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया।

समारोह में स्थानीय गणमान्य लोगों, धर्मप्रेमियों, शिक्षकों, समाजसेवियों ने गायत्री मंत्र उच्चारण के साथ उन्हें पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि रोशन कुमार की सफलता पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। साधारण परिवार से निकलकर उन्होंने अपनी मेहनत, अनुशासन और लगन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है, जो क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।

रोशन कुमार ने उपस्थित युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में सफलता के लिए निरंतर अध्ययन, स्पष्ट लक्ष्य और आत्मविश्वास सबसे महत्वपूर्ण होते हैं। उन्होंने युवाओं से समय का सदुपयोग करने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया।
ज्ञात हो कि रोशन कुमार सेवानिवृत्त शिक्षक श्री सरयुग प्रसाद साह एवं शिक्षिका श्रीमती रंजना कुमारी के पुत्र हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा आइंस्टीन फंडामेंटल स्कूल, सिमराही बाजार से हुई तथा उन्होंने जवाहर नवोदय विद्यालय, सुपौल से मैट्रिक की परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान हमीरपुर से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बी.टेक की डिग्री प्राप्त की। बीपीएससी में सफलता प्राप्त करने से पूर्व वे बेंगलुरु स्थित एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में डेटा साइंटिस्ट के रूप में कार्यरत थे।
समारोह में उपस्थित अधिवक्ता सुमंत कुमार, वार्ड पार्षद स्मृति कुमारी, प्रमोद महासेठ, योगेंद्र चौधरी सहित अन्य लोगों ने रोशन कुमार को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा कहा कि उनकी उपलब्धि से क्षेत्र के विद्यार्थियों में नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार होगा।
खबरें और भी हैं…..
Author: News Bihar Live
Post Views: 51




