राघोपुर (सुपौल)।
नगर पंचायत सिमराही कार्यालय में मंगलवार को सशक्त स्थायी समिति की पहली बैठक उप मुख्य पार्षद विनीता देवी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक से पहले नव निर्वाचित समिति सदस्यों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें उप मुख्य पार्षद ने सभी सदस्यों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
बैठक पूर्व निर्धारित समय सुबह 11 बजे होनी थी, लेकिन मुख्य पार्षद यशोदा देवी की अनुपस्थिति के कारण इसकी शुरुआत दोपहर करीब 1 बजे हुई। बैठक में सशक्त स्थायी समिति के नव निर्वाचित सदस्य मो. हयुम, बुदनी देवी और कविता देवी शामिल हुए।
बैठक में नगर क्षेत्र के विभिन्न विकास कार्यों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। मांस-मछली विक्रेताओं के लाइसेंस, पूर्व स्वीकृत तिरंगा लाइट योजना, नियमित फॉगिंग, मॉड्यूलर शौचालय के संचालन, सक्शन मशीन के उपयोग, बस शेल्टर निर्माण, प्रधानमंत्री आवास योजना की दूसरी किस्त के भुगतान तथा विभिन्न सड़क निर्माण योजनाओं की समीक्षा की गई।
इसके अलावा स्ट्रीट लाइट की खरीद, नगर क्षेत्र में पुस्तकालय निर्माण एवं उसके लिए स्थान चयन, हाईमास्ट लाइट की खरीद व अधिष्ठापन, डेकोरेटिव स्ट्रीट लाइट पोल लगाने, जलजमाव वाले स्थानों पर ईंट-रविश बिछाने तथा वृक्षारोपण सहित 25 नई सड़क योजनाओं को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई। वहीं सर्वसम्मति से कुल 52 नई विकास योजनाओं का चयन किया गया।
कार्यपालक पदाधिकारी वीणा वैशाली ने बताया कि सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर बैठक बुलाई गई थी। उन्होंने कहा कि मुख्य पार्षद को बैठक में शामिल होने के लिए पत्र भेजा गया था, लेकिन उन्होंने पत्र प्राप्त करने से इनकार कर दिया। इसके बाद डाक के माध्यम से भेजा गया पत्र भी वापस लौट आया। ऐसे में मुख्य पार्षद की अनुपस्थिति में नियमानुसार उप मुख्य पार्षद की अध्यक्षता में बैठक आयोजित कर आवश्यक प्रस्तावों पर निर्णय लिया गया।
खबरें और भी हैं…..




