सुपौल : अपराधियों पर रहेगी तीसरी आंख की नजर, सिमराही में 128 हाईटेक सीसीटीवी कैमरों से शुरू हुई चौबीसों घंटे निगरानी

SHARE:

राघोपुर (सुपौल)।

नगर पंचायत सिमराही में अब अपराधियों, नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों की हर गतिविधि पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। नगर क्षेत्र के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर लगाए गए 128 पीस हाई-रिजोल्यूशन सीसीटीवी कैमरों के संचालन के साथ ही पूरे शहर में आधुनिक निगरानी व्यवस्था शुरू हो गई है। लाखों की लागत से स्थापित इस सिस्टम का कंट्रोल रूम राघोपुर थाना परिसर में बनाया गया है, जहां से पुलिस और प्रशासन 24 घंटे नगर की गतिविधियों पर लाइव नजर रख सकेंगे। जानकारी अनुसार स्थानीय उप मुख्य पार्षद विनीता देवी एवं वार्ड पार्षदों की पहल पर शुरू हुई इस व्यवस्था को नगर की सुरक्षा की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। नगर पंचायत कार्यालय द्वारा 39 महत्वपूर्ण स्थानों पर कुल 128 हाई-रिजोल्यूशन सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इनमें अत्याधुनिक एएनपीआर कैमरे शामिल हैं, जो तेज रफ्तार से गुजरने वाले वाहनों के नंबर प्लेट की स्पष्ट पहचान करने में सक्षम हैं। वहीं पीटीजेड कैमरे चौक-चौराहों पर घूम-घूमकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगे। कैमरों की उच्च गुणवत्ता के कारण मास्क लगाए लोगों के चेहरे की पहचान करने में भी सहायता मिलेगी। इन कैमरों के जरिए प्रशासन किसी भी संदिग्ध गतिविधि, दुर्घटना या आपराधिक घटना की स्थिति में तुरंत निगरानी कर सकेगा। साथ ही रिकॉर्डिंग जांच एजेंसियों के लिए महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में भी काम आएगी। बाइक चालकों, चारपहिया वाहनों और पैदल आवाजाही पर भी प्रभावी निगरानी रखी जाएगी, जिससे अपराध नियंत्रण के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को भी बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। नगर पंचायत सिमराही की कार्यपालक पदाधिकारी वीणा वैशाली ने बताया कि कैमरे लगाने से पहले राघोपुर पुलिस के सहयोग से पूरे नगर क्षेत्र का विस्तृत सर्वे कराया गया था। सर्वेक्षण के आधार पर उन स्थानों का चयन किया गया, जहां निगरानी की सबसे अधिक आवश्यकता थी। सभी कैमरे सीपी प्लस कंपनी के हाई-रिजोल्यूशन कैमरे हैं, जो स्पष्ट तस्वीर और वीडियो रिकॉर्ड करने में सक्षम हैं। उन्होंने बताया कि यह परियोजना केवल अपराध नियंत्रण तक सीमित नहीं है, बल्कि यातायात प्रबंधन, सार्वजनिक सुरक्षा, आपातकालीन स्थितियों में त्वरित कार्रवाई और प्रशासनिक निगरानी को भी अधिक प्रभावी बनाएगी। भविष्य में आवश्यकता के अनुसार अन्य स्थानों पर भी कैमरे लगाने की योजना है।

स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे समय की जरूरत बताया। लोगों का कहना है कि पिछले कुछ महीनों में चोरी, छिनतई, मारपीट और अन्य आपराधिक घटनाओं में वृद्धि हुई थी। ऐसे में सार्वजनिक स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगने से अपराधियों में भय पैदा होगा, अपराध पर अंकुश लगेगा और आम नागरिक पहले की अपेक्षा अधिक सुरक्षित महसूस करेंगे।

खबरें और भी हैं……

News Bihar Live
Author: News Bihar Live

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!