सुपौल : 11 हजार वोल्ट लाइन की चपेट में आने से मजदूर गंभीर रूप से झुलसा, छत से गिरकर हुआ घायल

SHARE:

राघोपुर (सुपौल)।

सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गणपतगंज वार्ड संख्या-3 में शनिवार को निर्माणाधीन मकान में काम कर रहे एक मजदूर के 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। करंट लगने के बाद मजदूर छत से नीचे गिर पड़ा, जिससे उसे गंभीर चोटें भी आईं। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल रेफरल अस्पताल राघोपुर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल सुपौल रेफर कर दिया।

घायल की पहचान राघोपुर थाना क्षेत्र के धरहारा वार्ड संख्या-15 निवासी 50 वर्षीय सीताराम शर्मा के रूप में हुई है।

छत पर काम के दौरान हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सीताराम शर्मा गणपतगंज स्थित हरावत राज उच्च विद्यालय के सामने शिवनारायण शर्मा के निर्माणाधीन मकान की छत पर कार्य कर रहे थे। इसी दौरान मकान के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन की चपेट में आ गए। तेज करंट लगने से उनका शरीर बुरी तरह झुलस गया और संतुलन बिगड़ने के कारण वह छत से नीचे गिर पड़े।

अस्पताल पहुंचकर अधिकारियों ने लिया जायजा

घटना की सूचना मिलते ही वीरपुर के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) विनय कुमार एवं राघोपुर की अंचलाधिकारी रश्मि प्रिया रेफरल अस्पताल पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने घायल मजदूर का हालचाल जाना तथा चिकित्सकों से उसकी स्थिति की जानकारी ली। गंभीर हालत को देखते हुए अधिकारियों के निर्देश पर एंबुलेंस से उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेजा गया।

बिजली विभाग ने दी प्रतिक्रिया

बिजली विभाग के कनिष्ठ अभियंता (जेई) कृष्णा कुमार ने बताया कि संबंधित निर्माण कार्य के दौरान बिजली लाइन से संभावित खतरे की कोई पूर्व सूचना विभाग को नहीं दी गई थी। उन्होंने कहा कि यदि पहले जानकारी दी जाती, तो सुरक्षा के मद्देनजर आवश्यक कदम उठाए जा सकते थे।

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य के दौरान हाईटेंशन बिजली लाइनों के आसपास विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों से बचा जा सके।

खबरें और भी हैं……

News Bihar Live
Author: News Bihar Live

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!