राघोपुर (सुपौल)।
अंचल कार्यालय राघोपुर की ओर से अभियान बसेरा-2 के तहत शनिवार को भूमिहीन परिवारों के बीच बासगीत पर्चा का वितरण किया गया। अंचलाधिकारी रश्मि प्रिया एवं राजस्व अधिकारी आकांक्षा झा ने पात्र लाभुकों को बासगीत पर्चा प्रदान कर उन्हें स्थायी आवासीय भूमि का अधिकार दिलाया।
अंचल कार्यालय द्वारा जारी सूची के अनुसार कुल 14 भूमिहीन परिवारों को बासगीत पर्चा वितरित किया गया। इनमें नरहा, फिंगलास एवं परमानंदपुर मौजा के लाभुक शामिल हैं। लाभुकों में गीता देवी, मुन्नी मंडल, जानकी देवी, रिंकू देवी, सोनिया देवी, सुमनी देवी, मनीका देवी, आशा कुमारी, निखिलेश साहा, शिवचंद्र साहा, खुशी साहा, दयावती, राधा देवी एवं सुयमवती देवी के नाम शामिल हैं।
इस अवसर पर अंचलाधिकारी रश्मि प्रिया ने कहा कि राज्य सरकार की अभियान बसेरा-2 योजना का उद्देश्य भूमिहीन परिवारों को आवासीय भूमि का अधिकार उपलब्ध कराना है, ताकि वे सम्मानपूर्वक अपना घर बना सकें। उन्होंने कहा कि पात्र लाभुकों को चिन्हित कर चरणबद्ध तरीके से बासगीत पर्चा वितरण का कार्य जारी रहेगा।
राजस्व अधिकारी आकांक्षा झा ने बताया कि लाभुकों का चयन निर्धारित प्रक्रिया के तहत किया गया है तथा आगे भी पात्र परिवारों को योजना का लाभ दिलाने के लिए अभियान जारी रहेगा। बासगीत पर्चा मिलने पर लाभुकों ने सरकार एवं अंचल प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
खबरें और भी हैं……




