राघोपुर (सुपौल)
राघोपुर प्रखंड स्थित रेफरल अस्पताल परिसर में रविवार को कोशी रक्तवीर सेवा संगठन, सिमराही के बैनर तले स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में निर्धारित 51 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य पूरा करते हुए 51 रक्तदाताओं ने 51 यूनिट रक्तदान किया। खास बात यह रही कि इस वर्ष पहली बार शिविर में तीन महिलाओं ने भी रक्तदान कर सहभागिता निभाई। लगातार दूसरे वर्ष आयोजित इस शिविर में युवाओं और स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का उद्घाटन वीरपुर एसडीएम विनय कुमार, रेफरल अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. दीप नारायण राम, पूर्व मुखिया बैजनाथ प्रसाद भगत, पूर्व प्रमुख महेंद्र प्रसाद गुप्ता, प्रणव जायसवाल, बिंदा प्रसाद गुप्ता एवं काशी गुप्ता ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद उपस्थित लोगों ने खड़े होकर राष्ट्रगीत वंदे मातरम का गायन किया और रक्तदान शिविर की शुरुआत हुई।
उद्घाटन के बाद कोशी रक्तवीर सेवा संगठन की ओर से कार्यक्रम में पहुंचे पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को मिथिला पाग, शॉल एवं पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान रक्तदान के महत्व तथा जरूरतमंद मरीजों की सहायता में युवाओं की भूमिका पर चर्चा की गई।
संगठन के अध्यक्ष गुड्डू गुप्ता ने बताया कि शिविर में 51 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य रखा गया था, जिसे स्थानीय युवाओं और लोगों के सहयोग से पूरा कर लिया गया। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक ऐसा मानवीय कार्य है, जिससे किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाई जा सकती है। उन्होंने युवाओं एवं आम लोगों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की।
युवाओं के प्रयास की एसडीएम ने की सराहना
शिविर में पहुंचे वीरपुर एसडीएम विनय कुमार ने कोशी रक्तवीर सेवा संगठन के युवाओं के प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि आज जब युवाओं को नशे और अन्य नकारात्मक गतिविधियों से जोड़कर देखा जाता है, ऐसे समय में सिमराही के युवाओं ने सकारात्मक और मानवीय कार्य का उदाहरण प्रस्तुत किया है। समाज में युवाओं को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ना है तो कोशी रक्तवीर सेवा संगठन की टीम से प्रेरणा लेनी चाहिए।
एसडीएम ने संगठन को भरोसा दिलाते हुए कहा कि इस तरह के सकारात्मक कार्यों में जब भी प्रशासनिक अथवा व्यक्तिगत सहयोग की आवश्यकता होगी, वे संगठन के साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर रात के 12 बजे भी बुलाया जाएगा तो वे टीम के लिए पहुंचने का प्रयास करेंगे।
तीन महिलाओं ने पहली बार किया रक्तदान
संगठन की ओर से बताया गया कि रेफरल अस्पताल में लगातार दूसरे वर्ष रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया है। इस वर्ष पहली बार तीन महिला रक्तदाताओं ने भी आगे आकर रक्तदान किया, जिसे आयोजकों ने महिला सहभागिता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। लोगों ने कहा कि रक्त की जरूरत पड़ने पर मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में इस तरह के स्वैच्छिक रक्तदान शिविर जरूरतमंदों के लिए बड़ी मदद साबित होते हैं।
शिविर को सफल बनाने में संगठन के प्रमोद साह, मयंक गुप्ता, द्रविड़ राज, मोहम्मद अरमान, संदीप कुमार, कन्हैया दास, गणेश शर्मा, रंजीत कुमार, गुड्डू दास सहित पूरी टीम सक्रिय रही।
कार्यक्रम में नगर पंचायत सिमराही की उपमुख्य पार्षद विनिता देवी, वार्ड पार्षद स्मृति कुमारी, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि रिंकू भगत, चंदु दास, दिलीप पूर्वे, अभिनंदन दास, प्रमोद साह, अविनाश चौधरी, सुभाष पांडेय, मोहम्मद काजिम, मोहम्मद सजाद, बीसीएम सह बीएचएम शादाब, नरेश दास, हरित सत्याग्रह अभियान के रामप्रकाश रवि, मोहम्मद आफताब सहित दर्जनों लोग मौजूद थे।
खबरें और भी हैं……




