राघोपुर/करजाइन।
करजाइन थाना क्षेत्र के सतपोखरिया के पास एनएच 106 सड़क पर मंगलवार को सड़क हादसे में बाइक सवार 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान रतनपुर पंचायत के वार्ड नंबर-4 निवासी कलीम अंसारी के पुत्र रब्बान के रूप में हुई है। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था।
मिली जानकारी के अनुसार, रब्बान महाराष्ट्र में रहकर सिलाई का काम करता था। मंगलवार को वह महाराष्ट्र वापस जाने के लिए तत्काल टिकट बनवाने हेतु अपने घर से राघोपुर रेलवे स्टेशन जा रहा था। इसी दौरान सतपोखरिया के पास पीछे से आ रही एक बस ने उसकी आर-15 बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को रेफरल अस्पताल राघोपुर लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही करजाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली।
इधर, हादसे के बाद बस चालक वाहन लेकर भागने लगा। राघोपुर पुलिस के सहयोग से बस को सिमराही बाजार में पकड़ लिया गया। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
करजाइन थाना पुलिस ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
खबरें और भी हैं…..




