सुपौल : इकलौते पुत्र की सड़क हादसे में मौत, आक्रोशित परिजनों ने एनएच-27 किया जाम

SHARE:

उलटी दिशा से आ रही पिचिंग मशीन की चपेट में आया बाइक सवार, सात माह की गर्भवती पत्नी और वृद्ध माता-पिता पर टूटा दुखों का पहाड़

राघोपुर (सुपौल)।

राघोपुर थाना क्षेत्र के रामविशनपुर स्थित एनएच-27 पर टीपीडी पेट्रोल पंप के समीप रविवार की शाम सड़क निर्माण कार्य में लगी पिचिंग मशीन की चपेट में आने से बाइक सवार 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने एनएच-27 जाम कर दिया। इससे करीब आठ किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस और प्रशासन को जाम हटाने में करीब साढ़े तीन घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी।

मृतक की पहचान फिंगलास पंचायत के बतरान चकला निवासी सुंदर शाह के पुत्र नीरज कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, नीरज रविवार की शाम बाइक से सिमराही बाजार जा रहे थे। इसी दौरान रामविशनपुर स्थित टीपीडी पेट्रोल पंप के समीप बतरान चौक की ओर से उलटी दिशा में आ रही सड़क निर्माण कार्य में लगी पिचिंग मशीन की चपेट में उनकी बाइक आ गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल नीरज की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। राघोपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को गश्ती वाहन से रेफरल अस्पताल राघोपुर ले गई, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

डेढ़ वर्ष पहले हुई थी शादी, सात माह की गर्भवती है पत्नी

परिजनों के अनुसार, नीरज की शादी करीब डेढ़ वर्ष पूर्व वर्षा कुमारी से हुई थी। उनकी पत्नी सात माह की गर्भवती हैं। परिवार जिस नन्हे मेहमान के आगमन का इंतजार कर रहा था, उसके जन्म से पहले ही पिता का साया उठ गया।

नीरज अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। अस्पताल पहुंची पत्नी, मां और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। परिजन बार-बार कह रहे थे कि परिवार का एकमात्र सहारा छिन गया।

बेटे का शव देखते ही बेसुध हुई मां

रेफरल अस्पताल में बेटे का शव देखते ही मृतक की मां बेसुध हो गईं। वह बार-बार कहती रहीं, “मेरा एक ही बेटा था, अब क्या होगा।” सदमे के कारण वह कई बार बेहोश भी हो गईं। वहीं पत्नी वर्षा कुमारी अपने पति के शव से लिपटकर बिलखती रही। परिजन और रिश्तेदार उसे संभालने का प्रयास करते रहे।

न्याय की मांग को लेकर एनएच-27 पर जाम

हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने एनएच-27 जाम कर दिया। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अमित कुमार राय सहित कई पुलिस पदाधिकारी महिला एवं पुरुष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों से वार्ता कर जाम हटाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन दोषी चालक की गिरफ्तारी, कठोर कार्रवाई और उचित मुआवजे की मांग पर अड़े रहे। करीब साढ़े तीन घंटे बाद प्रशासनिक आश्वासन और समझाने-बुझाने के बाद जाम समाप्त कराया गया। इसके बाद एनएच-27 पर यातायात सामान्य हो सका।

उलटी दिशा से वाहनों के परिचालन पर उठे सवाल

मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि बतरान चौक के समीप अक्सर वाहन और निर्माण कार्य में लगी मशीनें गलत दिशा से गुजरती हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने भी एनएच-27 निर्माण कार्य में लगी एजेंसी की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि भारी मशीनों और वाहनों के संचालन में पर्याप्त सावधानी नहीं बरती जा रही है।

चालक मशीन छोड़कर फरार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद पिचिंग मशीन का चालक मौके पर मशीन छोड़कर फरार हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में और अधिक आक्रोश फैल गया। पुलिस फरार चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई में जुट गई है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। घटना में शामिल पिचिंग मशीन को जब्त कर थाना लाया जाएगा। फरार चालक की तलाश की जा रही है तथा पूरे मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह हादसा एक बार फिर एनएच-27 पर निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और यातायात नियंत्रण पर गंभीर सवाल खड़े कर गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की है।

खबरें और भी हैं…….

 

News Bihar Live
Author: News Bihar Live

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!