राघोपुर (सुपौल)
मध्य निषेध थाना सिमराही की पुलिस ने मंगलवार की शाम राघोपुर थाना क्षेत्र के सिमराही बाजार स्थित करजाइन रोड में अमित भगत के आवासीय परिसर में छापेमारी कर 67.5 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की। इस दौरान अमित भगत पुलिस को देखकर मौके से भागने में सफल रहा। वहीं, शराब रखने और बेचने के आरोप में उसकी 55 वर्षीय मां प्रमिला देवी को गिरफ्तार कर लिया गया।
मध्य निषेध थाना सिमराही के थानाध्यक्ष प्रभुनाथ सिंह ने बताया कि मध्य निषेध विभाग, पटना से प्राप्त सूचना के आलोक में अमित भगत के घर पर छापेमारी की गई थी। छापेमारी के दौरान घर के बरामदे में चटाई से ढके काले रंग के छह बैग मिले। बैगों की तलाशी लेने पर रेड लेबल, ब्लेंडर्स प्राइड और रॉयल स्टैग ब्रांड की 750 एमएल की कुल 90 बोतल विदेशी शराब बरामद की गई।
थानाध्यक्ष ने बताया कि बरामद शराब की कुल मात्रा 67.5 लीटर है। मामले में अमित भगत की मां प्रमिला देवी को गिरफ्तार कर शराब के साथ थाना लाया गया। उन्होंने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार महिला को जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। वहीं, फरार अमित भगत सहित मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, अमित भगत का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ राघोपुर थाना में कई मामले दर्ज हैं। इनमें कांड संख्या 52/23 में सरकारी कार्य में बाधा डालने और बिजली विभाग के अधिकारी के साथ मारपीट, कांड संख्या 61/24 में लॉटरी बेचने, कांड संख्या 337/24 में विश्वकर्मा पूजा के दौरान महादलित व्यक्ति के साथ मारपीट एवं आंख फोड़ने, कांड संख्या 294/25 में रंगदारी मांगने और मारपीट, कांड संख्या 239/26 में जमीन बिक्री के नाम पर धोखाधड़ी, ठगी एवं धमकी तथा कांड संख्या 319/26 में संगठित अपराध सहित मारपीट और जानलेवा हमला करने के आरोप शामिल हैं।
छापेमारी दल में एसआई विजय पासवान, एएसआई राहुल कुमार, सिपाही दिलीप कुमार, नीतू कुमारी सहित गृहरक्षक बल के जवान शामिल थे।
खबरें और भी हैं……




