राघोपुर (सुपौल)
राघोपुर थाना क्षेत्र के नगर पंचायत सिमराही स्थित रामनगर रोड में शनिवार दोपहर करीब 1 बजे मोबाइल छिनतई का विरोध करने पर बदमाशों ने दो युवकों पर चाकू से हमला कर दिया। घटना में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें एक युवक की हालत नाजुक होने पर उसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।
घायलों की पहचान नगर पंचायत सिमराही वार्ड संख्या-1 निवासी मो. जफिर आलम के 19 वर्षीय पुत्र मो. जावेद और फिरोज खान के 22 वर्षीय पुत्र अरवाज खान के रूप में हुई है।
घायल मो. जावेद ने बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ रामनगर रोड स्थित एक पान एवं किराना दुकान पर सामान खरीद रहा था। इसी दौरान दो युवक वहां पहुंचे और मोबाइल छीनने का प्रयास करने लगा। विरोध करने पर दोनों आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह और उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया।
वहीं घायल अरवाज खान ने बताया कि वे अपने दोस्तों के साथ दुकान पर सामान लेने गया था। इसी दौरान दो युवक मोबाइल मांगने लगा और नहीं देने पर छिनतई का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपियों ने चाकू मारकर घायल कर दिया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को राघोपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया। रेफरल अस्पताल के डॉक्टर राहुल झा ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद मो. जावेद की स्थिति गंभीर बनी हुई थी, जिसके कारण उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
इधर घटना की सूचना मिलते ही राघोपुर पुलिस रेफरल अस्पताल पहुंची और घायलों से पूछताछ कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
खबरें और भी हैं….




