सुपौल: राघोपुर में पुलिस-ग्रामीण भिड़ंत के बाद FIR, 19 नामजद समेत कई आरोपी बनाए गए, सिर फटने से घायल हुआ था पीटीसी जवान

SHARE:

राघोपुर (सुपौल)

राघोपुर थाना क्षेत्र के मुशहरी टोला दिनाभद्री मंदिर के समीप देर रात पुलिस गश्ती दल पर हुए हमले के मामले में जख्मी पुलिसकर्मी के आवेदन पर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। घटना में पीटीसी जवान समेत महिला गृह रक्षक घायल हुए हैं, जबकि सरकारी वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। हालांकि घटना के बाद इलाके में पुलिसकर्मी के सरकारी हथियार लूटे जाने की चर्चा तेज रही, लेकिन पुलिस ने आधिकारिक रूप से हथियार लूट की बात से इनकार किया है।
मिली जानकारी अनुसार, राघोपुर थाना में पदस्थापित पीटीसी अंजय कुमार ने थाना में दिए आवेदन में बताया है कि दिनांक 23 मई की रात करीब 10:45 बजे वह महिला गृह रक्षक काजल कुमारी एवं पुरुष गृह रक्षक नितेश कुमार के साथ ग्रामीण रात्रि गश्ती पर निकले थे। रात करीब 11:25 बजे गश्ती दल राघोपुर नहर स्थित मुशहरी टोला दिनाभद्री मंदिर के पास पहुंचा, जहां मुख्य सड़क पर दो मोटरसाइकिल और कुछ युवक खड़े थे।
आवेदन के अनुसार, पुलिस द्वारा युवकों से रात में सड़क पर खड़े रहने का कारण पूछे जाने पर विवाद शुरू हो गया। इसके बाद युवकों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुला लिया। देखते ही देखते करीब 30 से 35 पुरुष एवं महिलाएं लाठी, बांस, फरसा, दबिया और अन्य धारदार हथियार लेकर मौके पर पहुंच गए।
पीटीसी अंजय कुमार ने आरोप लगाया कि भीड़ ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। मारपीट के दौरान दबिया से उनके सिर पर वार किया गया, जिससे उनका सिर फट गया और वह खून से लथपथ होकर गिर पड़े। महिला गृह रक्षक काजल कुमारी तथा पुरुष गृह रक्षक नितेश कुमार के साथ भी मारपीट की गई। वहीं सरकारी वाहन संख्या BR-01HR-4967 को भी तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल मौके पर पहुंचे, जिसके बाद हमलावर भागने लगे। पुलिस ने मौके से नौ लोगों को पकड़ने का दावा किया है। गिरफ्तार लोगों की पहचान महेश्वर सादा, बैद्यनाथ सादा, सकलदीप कुमार, शंकर कुमार, भुपेन सादा, निरज कुमार, हरेराम कुमार, अशोक सादा और शिवशंकर कुमार के रूप में हुई है। इसके अलावा आवेदन में 10 अन्य नामजद एवं 10-15 अज्ञात महिला-पुरुषों को भी आरोपी बनाया गया है।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि घटना के दौरान गृह रक्षक नितेश कुमार भीड़ और भय के कारण अपनी सरकारी राइफल लेकर दूसरी दिशा में चले गए थे। बाद में पुलिस टीम ने उनकी खोजबीन की, जहां नहर किनारे झाड़ी से उनकी सरकारी राइफल बरामद की गई।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय स्तर पर पुलिसकर्मी से हथियार लूटे जाने की चर्चा शुरू हो गई थी। इतना ही नहीं, जख्मी पीटीसी जवान ने भी बातचीत के दौरान हथियार छीने जाने जैसी बात कही थी। हालांकि प्राथमिकी में हथियार लूट की स्पष्ट पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सरकारी राइफल लूटी नहीं गई थी, बल्कि घटनास्थल के समीप झाड़ी से बरामद कर ली गई।
इस मामले में राघोपुर थाना कांड संख्या 179/26 दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

खबरें और भी हैं……

News Bihar Live
Author: News Bihar Live

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!