सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त, महिला जवान की राइफल छीनी गई; बाद में झाड़ी से बरामद
राघोपुर (सुपौल)
राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत राघोपुर पंचायत के वार्ड संख्या 4 स्थित महादलित टोला में शनिवार देर रात पुलिस टीम पर हमला किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। घटना में राघोपुर थाना के एएसआई अंजय कुमार एवं एक महिला पुलिस जवान घायल हो गए, जबकि पुलिस वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। हमलावरों द्वारा महिला जवान की राइफल छीन लेने से इलाके में देर रात तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। बाद में पुलिस ने काफी खोजबीन के बाद छीनी गई राइफल को बरामद कर लिया।
जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब साढ़े 10 बजे मद्यनिषेध थाना सिमराही की पुलिस शराब बिक्री की सूचना पर राघोपुर पंचायत के वार्ड 4 स्थित महादलित टोला पहुंची थी। बताया जाता है कि कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने पुलिस टीम का विरोध शुरू कर दिया और देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई। आरोप है कि स्थानीय लोगों ने पुलिस टीम पर हमला कर उन्हें वहां से खदेड़ दिया।
इसी बीच रात करीब 11 बजे राघोपुर थाना की गश्ती पुलिस टीम एएसआई अंजय कुमार के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। पुलिस टीम में महिला जवान सहित आधा दर्जन पुलिस बल शामिल थे। बताया जाता है कि जैसे ही पुलिस आरोपितों की तलाश में टोला के भीतर पहुंची, बड़ी संख्या में लोग एकजुट होकर पुलिस टीम पर हमला कर बैठे।
हमले के दौरान उपद्रवियों ने पुलिस वाहन का शीशा तोड़ दिया तथा वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट भी की गई। घटना में एएसआई अंजय कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर में गहरी चोट लगी तथा दाहिना हाथ भी जख्मी हो गया। वहीं महिला पुलिस जवान काजल कुमारी के साथ भी मारपीट की गई और उनकी सरकारी राइफल छीन ली गई।
घायल पुलिसकर्मी किसी तरह वहां से निकलकर रेफरल अस्पताल राघोपुर पहुंचे, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। घटना की सूचना मिलते ही राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बाद में वीरपुर एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार भी घटनास्थल पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आसपास के कई थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया।
इसके बाद पुलिस ने इलाके में छापेमारी अभियान चलाया और आरोपितों की तलाश शुरू की। पुलिस के अनुसार तलाशी के दौरान कुछ स्थानों पर बल प्रयोग भी करना पड़ा। पुलिस की कार्रवाई के बाद अधिकांश लोग टोला छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने मौके से नौ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर थाना पहुंचाया।
घटना की सूचना मिलने पर सुपौल एसपी शरत आरएस भी देर रात घटनास्थल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। काफी खोजबीन के बाद छीनी गई राइफल टोला के समीप गम्हरिया उप शाखा नहर किनारे झाड़ी से बरामद की गई।
घायल एएसआई अंजय कुमार ने बताया कि हमला काफी अचानक हुआ। उनके सिर में छह टांके लगे हैं तथा हाथ में भी चोट आई है। उन्होंने बताया कि महिला जवान का हथियार छीन लिया गया था, जिसे बाद में बरामद कर लिया गया।
वहीं महादलित टोला निवासी रिंकू देवी ने बताया कि रात में अधिकांश लोग खाना खाकर सो चुके थे। कुछ युवक शराब के नशे में हंगामा कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस पहुंची और पूछताछ शुरू की। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और कुछ युवकों ने पुलिस पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि बाद में बड़ी संख्या में पहुंची पुलिस ने भी टोला के लोगों के साथ मारपीट की। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि एक युवक ने पुलिस की राइफल छीन ली थी, जिसके बाद स्थिति और बिगड़ गई।
मामले को लेकर पुलिस प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया में जुटी हुई है। वीडियो फुटेज, स्थानीय लोगों के बयान तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, पुलिस पर हमला करने तथा सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस संबंध में रेफरल अस्पताल राघोपुर के चिकित्सक डॉ. राहुल झा ने बताया कि रात करीब 12 बजे दो घायल पुलिसकर्मी अस्पताल पहुंचे थे। एएसआई अंजय कुमार के सिर में गहरी चोट थी, जिस कारण टांके लगाने पड़े। वहीं महिला जवान काजल कुमारी के कंधे में चोट लगी थी। दोनों का उपचार किया गया है।
वीरपुर एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। मामले की जांच की जा रही है तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
खबरें और भी हैं……




