राघोपुर (सुपौल)
राघोपुर थाना क्षेत्र के सिमराही एनएच-27 स्थित मीट मार्केट में शुक्रवार शाम दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के दौरान लाठी-डंडे, ईंट-पत्थर, छूरा, दबिया और अन्य धारदार हथियारों का जमकर इस्तेमाल किया गया। इस हिंसक झड़प में कुल सात लोग घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 5 बजे सिमराही एनएच-27 मीट मार्केट में अचानक दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद हिंसक संघर्ष में बदल गया और दोनों ओर से जमकर मारपीट शुरू हो गई। घटना के दौरान कुछ देर तक पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बना रहा। एनएच-27 पर भी लोगों की भीड़ जुट गई।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, विवाद की शुरुआत बकरीद को लेकर गुरुवार रात सिनेमा हॉल में हुई कहासुनी से हुई थी। उसी विवाद ने शुक्रवार को हिंसक रूप ले लिया।
घटना में घायल लोगों की पहचान सिमराही नगर पंचायत वार्ड संख्या-9 धर्मपट्टी निवासी 17 वर्षीय मोहम्मद इजराइल, 35 वर्षीय मोहम्मद हसना, 55 वर्षीय मोहम्मद सतार, 50 वर्षीय बसीनम खातून, 35 वर्षीय जलाल उद्दीन, 28 वर्षीय मोहम्मद आजाद और 18 वर्षीय मोहम्मद अली के रूप में हुई है।
सभी घायलों को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल राघोपुर लाया गया। ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर राहुल झा ने बताया कि कुल सात घायल अस्पताल पहुंचे थे, जिनमें मोहम्मद हसना की हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए सुपौल सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल और अस्पताल पहुंची तथा मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस द्वारा इलाके में नजर रखी जा रही है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना दोबारा न हो।
वहीं राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है।
खबरें और भी हैं……




