राघोपुर (सुपौल):
राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत सिमराही के वार्ड 2 स्थित दिनादास टोला के बजरंगबली मंदिर परिसर में रविवार सुबह सूखा नशा मुख्य रूप से स्मैक जैसे नशीले पदार्थों के बढ़ते प्रचलन के खिलाफ ग्रामीणों की एक बैठक किया। बैठक में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, समाजसेवियों एवं ग्रामीणों ने भाग लेकर नशे के विरुद्ध एकजुटता दिखाई।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि क्षेत्र में सूखा नशा तेजी से फैल रहा है, जिससे बच्चों और युवाओं का भविष्य खतरे में पड़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने चिंता जताते हुए कहा कि नशे की लत के कारण सामाजिक वातावरण प्रभावित हो रहा है और परिवारों में भी तनाव बढ़ रहा है। कई लोगों ने भावुक होकर कहा कि नशे के कारण क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार पर तत्काल और सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कदम उठाए जाने चाहिए, ताकि समाज को इस गंभीर समस्या से मुक्ति मिल सके। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि नशे के खिलाफ व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए गांव-गांव अभियान चलाने तथा युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने पर बल दिया गया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि क्षेत्र में नशे का अवैध कारोबार नहीं रुका तो आम लोग भी सक्रिय भूमिका निभाएंगे और इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों की सूचना पुलिस को देकर उन्हें कानून के हवाले करेंगे। बैठक में मौजूद लोगों ने बताया कि नशे के कारण विद्यालय आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा क्षेत्र में असामाजिक तत्वों की गतिविधियां बढ़ने से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। इस दौरान लोगों ने अभिभावकों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण में परिवार की जिम्मेदारी सबसे अधिक है। अभिभावकों को अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखनी होगी तथा समय रहते उन्हें गलत संगति और नशे की लत से बचाने के लिए आवश्यक कदम उठाने होंगे। लोगों ने कहा कि समाज और परिवार दोनों के संयुक्त प्रयास से ही इस बुराई पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। बैठक में विनायक पांडेय, इंद्रमोहन पांडेय, अमित पांडेय, पवन पांडेय, वेदानंद पांडेय, प्रदीप यादव, रामचंद्र गुप्ता, मनोज गुप्ता सहित दर्जनों ग्रामीण उपस्थित थे। अंत में सभी ने क्षेत्र को नशामुक्त बनाने के लिए सामूहिक रूप से संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
खबरें और भी हैं…..
Author: News Bihar Live
Post Views: 620




