सुपौल: सिमराही में देर रात भीषण अग्निकांड, चार परिवारों के पांच घर राख; लाखों की संपत्ति जलकर खाक

SHARE:

राघोपुर (सुपौल)

राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत सिमराही के वार्ड संख्या-1 में सोमवार देर रात करीब एक बजे भीषण आग लगने से चार परिवारों के पांच घर जलकर राख हो गए। इस अग्निकांड में लाखों रुपये मूल्य की संपत्ति, अनाज, नकदी, ट्रेलर, होलर चक्की, गैस सिलेंडर सहित घरेलू उपयोग की लगभग सभी सामग्री नष्ट हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरातफरी और दहशत का माहौल कायम हो गया।पीड़ित गृहस्वामी संजय शर्मा ने बताया कि आग में उनके दो घर पूरी तरह जल गए। इसके साथ ही ट्रेलर, साइकिल, करीब 25 क्विंटल अनाज तथा 25 हजार रुपये नकद समेत घर का सारा सामान राख हो गया। वहीं बिमला देवी ने बताया कि घर निर्माण के लिए जमीन बेचकर रखे गए करीब तीन लाख रुपये भी आग की भेंट चढ़ गए। इसके अलावा होलर चक्की, गैस सिलेंडर, अनाज, कपड़े, चौकी, फर्नीचर, बर्तन समेत सभी घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गए।विशो शर्मा ने बताया कि आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते उनके घर का एक हिस्सा जलकर खाक हो गया।

इधर अशोक शर्मा ने बताया कि उनके दोनों घरों में लगी आग से अनाज, कपड़े, चौकी, बर्तन, महत्वपूर्ण कागजात और 40 हजार रुपये नकद जल गए।पीड़ित परिवारों और ग्रामीणों के अनुसार आग की शुरुआत बिजली पोल के पास से हुई। रात करीब एक बजे लोगों को गर्माहट महसूस हुई, जिसके बाद वे जागे और चापाकल के पानी से आग बुझाने का प्रयास करने लगे। इसी दौरान घर में रखा गैस सिलेंडर फट गया, जिससे आग ने और विकराल रूप धारण कर लिया तथा आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।

ग्रामीणों ने बताया कि घटना की सूचना रात करीब दो बजे डायल-112 पर दी गई थी, लेकिन दमकल की टीम सुबह करीब पांच बजे घटनास्थल पर पहुंची। तब तक सभी घरों का सामान पूरी तरह जलकर राख हो चुका था।

घटना के बाद पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत सामग्री एवं उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है। वहीं स्थानीय प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

खबरें और भी हैं……

News Bihar Live
Author: News Bihar Live

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!