सिमराही (सुपौल)।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार सुबह राघोपुर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर योग शिविर आयोजित कर लोगों को योगाभ्यास कराया गया। योग गुरुओं ने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं व्यायाम की जानकारी देते हुए नियमित योग करने के लिए प्रेरित किया।
नगर पंचायत सिमराही के वार्ड संख्या-4 स्थित भगवती स्थान प्रांगण में आयोजित योग शिविर में संत अमरजीत जी ने योग शिक्षक के रूप में लोगों को विभिन्न योगासन का अभ्यास कराया। वहीं सिमराही के पिपराही स्थित गायत्री मंदिर परिसर में योग शिविर का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर योग गुरुओं ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसका उपयोग सदियों से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के लिए किया जाता रहा है। आज पूरे विश्व ने योग के महत्व को स्वीकार किया है, जिसके परिणामस्वरूप अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस वैश्विक स्तर पर मनाया जा रहा है।
संत अमरजीत जी ने कहा कि योग को अपनाकर व्यक्ति स्वस्थ, निरोग एवं संतुलित जीवन जी सकता है। योग शरीर, मन, बुद्धि और आत्मा के समग्र विकास का माध्यम है, इसलिए इसे नियमित दिनचर्या में शामिल करना चाहिए।
भाजपा जिला मंत्री स्मृति कुमारी ने कहा कि योग भारत की प्राचीन ऋषि-मुनि परंपरा से जुड़ा हुआ है और आज इसकी उपयोगिता विश्वभर में स्वीकार की जा रही है। उन्होंने कहा कि योग और ध्यान से मानसिक शांति, सकारात्मक ऊर्जा तथा जीवन के सर्वांगीण विकास का अनुभव होता है।
कार्यक्रम में भाजपा जिला मंत्री स्मृति कुमारी, भाजपा नगर महामंत्री प्रशांत वर्मा, विनोदानंद, आशीष कुमार, शुभम कुमार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
खबरें और भी हैं……




