सिमराही (सुपौल)।
नगर पंचायत सिमराही के वार्ड-12 स्थित दुर्गापुर निवासी रोशन कुमार ने बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की परीक्षा उत्तीर्ण कर प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) का पद प्राप्त किया है। उनकी इस सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
रोशन कुमार सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक श्री सरयुग प्रसाद साह एवं मध्य विद्यालय राघोपुर की शिक्षिका श्रीमती रंजना कुमारी के सुपुत्र हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा आइंस्टीन फंडामेंटल स्कूल, सिमराही बाजार से हुई। इसके बाद उन्होंने जवाहर नवोदय विद्यालय, सुपौल से मैट्रिक की परीक्षा उत्तीर्ण की। उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT), हमीरपुर, हिमाचल प्रदेश से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बी.टेक की डिग्री प्राप्त की।
बीपीएससी में सफलता हासिल करने से पहले रोशन कुमार बेंगलुरु स्थित बहुराष्ट्रीय कंपनी कैपजेमिनी इंडिया में डेटा साइंटिस्ट के पद पर कार्यरत थे। शिक्षा एवं तकनीकी क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद अब उन्होंने प्रशासनिक सेवा में प्रवेश कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
रोशन के छोटे भाई राहुल राज ने आईआईटी कानपुर से एयरोस्पेस इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है और वर्तमान में पिरामल एंटरप्राइजेज में कार्यरत हैं।
रोशन कुमार की इस उपलब्धि पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों ने उन्हें तथा उनके परिवार को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। लोगों ने कहा कि उनकी सफलता युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और यह साबित करती है कि मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
खबरें और भी हैं….




