राघोपुर (सुपौल)।
राघोपुर थाना क्षेत्र के सिमराही बाजार स्थित एनएच-27 पर धर्मपट्टी क्रॉसिंग के समीप शनिवार देर रात करीब 2 बजे एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई। मधुबनी से पूर्णिया की ओर जा रही एक अनियंत्रित बलेनो कार (संख्या BR-01JB-2964) सड़क किनारे नगर पंचायत द्वारा लगाए गए सीसीटीवी कैमरा पोल एवं कूड़ेदान को तोड़ते हुए पीपल के पेड़ से जा टकराई और पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के तुरंत बाद वाहन में सवार सभी लोग मौके से फरार हो गए। इसके कारण यह स्पष्ट नहीं हो सका कि कार में कितने लोग सवार थे और किसी को चोट आई या नहीं।
घटना के बाद एक और चौंकाने वाली बात सामने आई। स्थानीय लोगों का कहना है कि दुर्घटना के बाद नगर पंचायत द्वारा लगाए गए सीसीटीवी कैमरे और उससे जुड़े अन्य उपकरण घटनास्थल से चोरी हो गए। इससे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है। रविवार सुबह दुर्घटनाग्रस्त कार को देखने के लिए घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। हादसे के कारणों को लेकर भी अलग-अलग कयास लगाए जा रहे हैं। कुछ लोगों ने चालक को झपकी आने की आशंका जताई, जबकि अन्य का मानना है कि तेज रफ्तार के कारण वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हुआ। राघोपुर गश्ती पुलिस के पीटीसी सुधीर कुमार ने बताया कि रात करीब 2:30 बजे डायल-112 से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां कार पलटी हुई मिली, लेकिन उसमें सवार सभी लोग घटनास्थल से फरार हो चुके थे।
वहीं राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। मामले की जांच की जा रही है तथा वाहन में सवार लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही सीसीटीवी कैमरा और अन्य उपकरणों के गायब होने के मामले की भी जांच की जा रही है।
खबरें और भी हैं….




