राघोपुर (सुपौल)।
राघोपुर रेफरल अस्पताल में दवा नहीं मिलने की शिकायत को लेकर सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करना एक व्यक्ति को महंगा पड़ गया। अस्पताल प्रशासन की शिकायत पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ राघोपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 15 जुलाई को नारायणपुर निवासी शिव शंकर मेहता दवा नहीं मिलने की शिकायत लेकर रेफरल अस्पताल पहुंचे थे। अस्पताल प्रशासन का आरोप है कि इस दौरान उन्होंने महिला चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज की। साथ ही घटना का वीडियो बनाकर फेसबुक और यूट्यूब पर वायरल कर दिया, जिसमें अस्पताल के डॉक्टरों एवं कर्मचारियों के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं।
इस संबंध में रेफरल अस्पताल राघोपुर के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने राघोपुर थाना में लिखित आवेदन देकर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की। आवेदन में कहा गया है कि वायरल वीडियो और कथित अभद्र व्यवहार से चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों में आक्रोश है तथा इससे सरकारी कार्य प्रभावित हुआ है।
पुलिस ने अस्पताल प्रशासन के आवेदन के आधार पर राघोपुर थाना कांड संख्या 267/26 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।
थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
खबरें और भी हैं…….




