सुपौल : नगर पंचायत सिमराही में 10 स्थानों पर हाई मास्ट लाइट का उद्घाटन, रोशनी से जगमगाया शहर

SHARE:

राघोपुर (सुपौल)।

नगर पंचायत सिमराही में शुक्रवार को विकास कार्यों की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत एक साथ 10 स्थानों पर हाई मास्ट लाइट का उद्घाटन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चारण एवं पूजा-अर्चना के बाद विभिन्न जनप्रतिनिधियों और अतिथियों ने नारियल फोड़कर तथा स्विच ऑन कर हाई मास्ट लाइट का शुभारंभ किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे और नगर क्षेत्र के रोशनी से जगमगाने पर खुशी का इजहार किया।

इन स्थानों पर हुआ उद्घाटन

वार्ड 1 (शर्मा टोला) – वार्ड पार्षद उषा सरदार

वार्ड 2 (बबलू सादा के घर के पास) – वार्ड पार्षद बबलू सादा

वार्ड 2 (पांडेय टोला) – वार्ड पार्षद बबलू सादा

वार्ड 9 (दुर्गा मंदिर, साहू टोला) – वार्ड पार्षद मो. हयुम

वार्ड 9 (ईदगाह के पास) – वार्ड पार्षद मो. हयुम

वार्ड 10 (हनुमान मंदिर के पास) – वार्ड पार्षद कविता देवी

वार्ड 11 (कार्तिक मंदिर एवं ईदगाह के पास) – वार्ड पार्षद धीरेन्द्र राम

वार्ड 12 (राघोपुर थाना के सामने) – थानाध्यक्ष अमित कुमार राय

वार्ड 12 (करोड़ी टोला) – उप मुख्य पार्षद विनीता देवी

वार्ड 13 (नगर पंचायत कार्यालय परिसर) – उप मुख्य पार्षद विनीता देवी

“पूरा नगर पंचायत रोशनी से जगमग हो गया” – विनीता देवी

उप मुख्य पार्षद विनीता देवी ने कहा कि आज नगर पंचायत सिमराही रोशनी से जगमगा उठा है। उन्होंने कहा कि अब लोगों को विकास कार्य धरातल पर दिखाई देने लगा है और नगर पंचायत लगातार जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दे रही है।

“साढ़े तीन वर्षों बाद विकास दिखाई दे रहा” – स्मृति कुमारी

वार्ड पार्षद स्मृति कुमारी ने कहा कि नगर पंचायत में साढ़े तीन वर्षों के बाद विकास कार्यों की गति तेज हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य पार्षद की उदासीनता के कारण लंबे समय तक विकास कार्य बाधित रहे। उन्होंने कहा कि पिछले छह महीनों से 10 वार्ड पार्षदों ने एकजुट होकर उप मुख्य पार्षद एवं कार्यपालक पदाधिकारी के सहयोग से लगातार विकास कार्यों को धरातल पर उतारा है।

उन्होंने बताया कि अब तक 100 से अधिक सड़कों का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है, जिनमें दो दर्जन से अधिक सड़कें पूरी हो चुकी हैं। वहीं 150 से अधिक सड़क एवं नाला निर्माण योजनाएं टेंडर प्रक्रिया में हैं, जिनका कार्य जल्द शुरू होगा।

स्मृति कुमारी ने बताया कि नगर पंचायत में अब तक 23 स्थानों पर हाई मास्ट लाइट लगाई जा चुकी है। पूर्व में सांसद निधि से लगाए गए हाई मास्ट लाइटों का बिजली बिल भी नगर पंचायत द्वारा वहन किया जा रहा है। साथ ही नगर क्षेत्र के मुख्य चौक-चौराहों एवं गलियों में सीसीटीवी कैमरे लगाकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है, जिसका कंट्रोल रूम राघोपुर थाना में संचालित है।

उन्होंने कहा कि जनता का सहयोग इसी तरह मिलता रहा तो नगर पंचायत उनकी अपेक्षाओं पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करती रहेगी।

“यह सिर्फ खुशी नहीं, जश्न का पल है” – सागर यादव

वार्ड पार्षद प्रतिनिधि सागर यादव ने कहा कि यह केवल खुशी का नहीं बल्कि पूरे नगरवासियों के लिए जश्न मनाने का अवसर है। उन्होंने कहा कि नगरवासियों के सहयोग से आज नगर पंचायत सिमराही वास्तव में एक विकसित नगर पंचायत का स्वरूप ले रही है।

कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों, स्थानीय नागरिकों एवं गणमान्य लोगों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। उद्घाटन के बाद सभी स्थानों पर हाई मास्ट लाइटें जलने से नगर क्षेत्र देर शाम तक रोशनी से जगमगाता रहा।

खबरें और भी हैं…..

News Bihar Live
Author: News Bihar Live

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!