सुपौल : राघोपुर तक बढ़ी सरायगढ़–देवघर मेमू स्पेशल, जनप्रतिनिधियों व समाजसेवियों की मांग हुई पूरी

SHARE:

25 जुलाई से 31 अगस्त तक राघोपुर से चलेगी मेमू स्पेशल, सावन में बाबा धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को मिलेगी बड़ी राहत

राघोपुर (सुपौल)।

राघोपुर क्षेत्र के रेल यात्रियों और बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। लंबे समय से उठ रही मांग को स्वीकार करते हुए पूर्व मध्य रेलवे ने सरायगढ़–देवघर मेमू स्पेशल ट्रेन (05573/05574) का विस्तार राघोपुर तक कर दिया है। अब यह विशेष ट्रेन 25 जुलाई 2026 से 31 अगस्त 2026 तक राघोपुर से संचालित होगी। इस निर्णय से राघोपुर, सिमराही तथा आसपास के क्षेत्रों के हजारों श्रद्धालुओं और दैनिक रेल यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।

जानकारी के अनुसार, बीते 10 मई को मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) समस्तीपुर ज्योति प्रकाश मिश्रा राघोपुर रेलवे स्टेशन के निरीक्षण पर पहुंचे थे। इसी दौरान क्षेत्र के समाजसेवी मयंक गुप्ता, उमेश गुप्ता, दीपक यादव, सागर यादव, वार्ड पार्षद स्मृति कुमारी, प्रशांत वर्मा, गुड्डू गुप्ता तथा संत अमरजीत साह ने उनसे मुलाकात कर सरायगढ़–देवघर मेमू स्पेशल ट्रेन का विस्तार राघोपुर तक किए जाने की मांग रखी थी। प्रतिनिधिमंडल ने बताया था कि सावन माह में बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ धाम जलाभिषेक के लिए देवघर जाते हैं, लेकिन राघोपुर से सीधी रेल सेवा उपलब्ध नहीं होने के कारण यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है।

प्रतिनिधिमंडल ने डीआरएम को यह भी अवगत कराया था कि राघोपुर रेलवे स्टेशन उत्तर बिहार का एक महत्वपूर्ण स्टेशन है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री आवागमन करते हैं। ऐसे में यदि मेमू स्पेशल का विस्तार राघोपुर तक कर दिया जाए तो न केवल श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी, बल्कि स्थानीय व्यापारियों, छात्रों और अन्य यात्रियों को भी इसका लाभ प्राप्त होगा।

रेलवे प्रशासन ने जनभावनाओं और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लिया। पूर्व मध्य रेलवे द्वारा जारी आदेश के अनुसार, सरायगढ़–देवघर मेमू स्पेशल (05573/05574) अब 25 जुलाई से 31 अगस्त 2026 तक राघोपुर तक चलेगी। सावन के दौरान यह सेवा श्रद्धालुओं के लिए काफी उपयोगी साबित होगी, क्योंकि उन्हें अब देवघर जाने के लिए अतिरिक्त साधनों का सहारा नहीं लेना पड़ेगा।

इस निर्णय की जानकारी मिलते ही राघोपुर क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। मांग में शामिल समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों तथा स्थानीय लोगों ने रेलवे के इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि यह क्षेत्र की वर्षों पुरानी जरूरतों में से एक थी। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में इस ट्रेन का संचालन नियमित रूप से भी किया जाएगा, ताकि क्षेत्र के यात्रियों को स्थायी रूप से इसका लाभ मिल सके।

मांग में शामिल सभी लोगों तथा स्थानीय श्रद्धालुओं ने इस जनहितकारी निर्णय के लिए सुपौल के सांसद दिलेश्वर कामत एवं समस्तीपुर मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और रेलवे प्रशासन की सकारात्मक पहल से राघोपुर क्षेत्र के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा तथा क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार का मार्ग भी प्रशस्त होगा।

खबरें और भी हैं…..

News Bihar Live
Author: News Bihar Live

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!