राघोपुर, (सुपौल)।
राघोपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित टीसीपी भवन में शनिवार को नवपदस्थापित एसडीएम विनय कुमार ने पंचायत जनप्रतिनिधियों के साथ परिचयात्मक बैठक की। बैठक की अध्यक्षता बीडीओ सतेंद्र कुमार यादव ने की।
बैठक में प्रखंड प्रमुख फिदा हुसैन, मुखिया प्रकाश यादव, अनिल सरदार, कमलेश साह सहित मुखिया प्रतिनिधि मो. टुन्ना, टुनटुन यादव, भूपेंद्र यादव, मो. आकलख, दिनेश मेहता, पंचायत समिति सदस्य अताउर रहमान एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक की शुरुआत जनप्रतिनिधियों द्वारा नवपदस्थापित एसडीएम का फूल-माला पहनाकर स्वागत करने से हुई। इसके बाद एसडीएम ने सभी जनप्रतिनिधियों से क्रमवार परिचय प्राप्त किया।
बैठक को संबोधित करते हुए एसडीएम विनय कुमार ने कहा कि राघोपुर बीरपुर अनुमंडल का सबसे बड़ा प्रखंड है, इसलिए उन्होंने अपने कार्यभार ग्रहण करने के बाद सबसे पहले यहां के जनप्रतिनिधियों से मिलने का निर्णय लिया।
उन्होंने खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा चलाए जा रहे नए राशन कार्ड बनाने के विशेष अभियान की जानकारी देते हुए जनप्रतिनिधियों से पात्र लाभुकों के आवेदन कराने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि कोई भी गरीब, वंचित एवं महादलित परिवार राशन कार्ड योजना के लाभ से वंचित न रहे।
मीडिया से बातचीत में एसडीएम ने बताया कि उनकी यह बैठक स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से आयोजित की गई थी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में सरकार की दो महत्वपूर्ण योजनाएं नए राशन कार्ड निर्माण अभियान तथा टीबी मुक्त भारत अभियान प्राथमिकता पर चल रही हैं, जिनके प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
एसडीएम ने कहा कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बेहतर समन्वय से सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाएगा।
खबरें और भी हैं…..




