सिमराही के कोशी कॉलोनी शिव मंदिर में चला स्वच्छता अभियान,
राघोपुर (सुपौल):
भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस सप्ताह के अवसर पर पूरे क्षेत्र में सेवा, संगठन और संपर्क से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला चलाई जा रही है। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के निर्देशानुसार कार्यकर्ता गांव चलो अभियान, झंडा वंदन, लाभार्थी संपर्क योजना और सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से आम लोगों के बीच पहुंच बना रहे हैं।
इसी क्रम में सोमवार को नगर पंचायत सिमराही के वार्ड संख्या 12 स्थित कोशी कॉलोनी के शिव मंदिर प्रांगण में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मंदिर परिसर की साफ-सफाई कर न केवल स्वच्छता का संदेश दिया, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी का भी परिचय दिया।
कार्यक्रम का नेतृत्व प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सचिन माधोगरिया ने किया। उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस सप्ताह केवल संगठनात्मक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज के प्रति सेवा और समर्पण की भावना को सशक्त करने का अवसर है। उन्होंने बताया कि पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को टोली बनाकर कम से कम पांच गांवों में जाकर कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया गया है, ताकि जमीनी स्तर पर लोगों से सीधा संवाद स्थापित हो सके।
इस अवसर पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बैद्यनाथ भगत, जिला मंत्री स्मृति कुमारी, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष विनीता देवी, नगर अध्यक्ष उमेश गुप्ता, महामंत्री प्रशांत वर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे और उन्होंने सक्रिय रूप से सफाई अभियान में भाग लिया।
नेताओं ने जानकारी दी कि स्थापना दिवस सप्ताह के दौरान आगे भी कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके तहत कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित करेंगे, केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क करेंगे तथा आम लोगों को योजनाओं की जानकारी देंगे।
भाजपा के इस अभियान का उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना, सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना और समाज के विभिन्न वर्गों के साथ संवाद को और सशक्त बनाना है।
खबरें और भी हैं….





