सुपौल: सिमराही में एनएच-27 पर तेज रफ्तार ट्रक ने मछली लदे पिकअप को मारी टक्कर, चालक-खलासी सुरक्षित

SHARE:

राघोपुर (सुपौल):

राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमराही बाजार स्थित एनएच-27 पर धर्मपट्टी में फुट ओवरब्रिज के समीप मंगलवार सुबह करीब 6 बजे एक मछली लदे पिकअप वैन को अज्ञात ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि पिकअप वैन का बायां हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के संबंध में पिकअप चालक विदार मंडल ने बताया कि वह मालदा से मछली लेकर मधुबनी जा रहा था। इसी दौरान धर्मपट्टी में फुट ओवरब्रिज के पास डिवाइडर में बने क्रॉसिंग के समीप अचानक एक ट्रक धर्मकांटा से तेज गति में सड़क पर चढ़ा और सीधे उनके वाहन में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
पिकअप में सवार खलासी निर्मल मंडल ने बताया कि हादसा इतना अचानक हुआ कि संभलने का मौका नहीं मिला। हालांकि राहत की बात रही कि चालक और खलासी दोनों सुरक्षित हैं और किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
सूचना मिलते ही राघोपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पिकअप वाहन को सड़क से हटाने की प्रक्रिया जारी रही, जिससे यातायात सामान्य हो सके।
इस संबंध में राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि आवेदन मिलने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि धर्मकांटा के पास बने इस क्रॉसिंग पर अक्सर छोटे-बड़े हादसे होते रहते हैं। लोगों ने प्रशासन से इस स्थान पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

खबरें और भी हैं….

News Bihar Live
Author: News Bihar Live

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!