राघोपुर (सुपौल)
राघोपुर थाना क्षेत्र के डुमरी पंचायत स्थित सरहोचिया गांव में कथित अपहरण मामले में “लापता” सुखलाल मेहता को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। शनिवार को राघोपुर थाना परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बीरपुर एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि घटना के सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार 6 मई की शाम नवनिर्मित पंचायत भवन के समीप पंचायत प्रवेश द्वार निर्माण में मजदूरी के पैसे के लेन-देन को लेकर बलदेव यादव और सुखलाल मेहता के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद सुखलाल मेहता की पत्नी कविता देवी ने राघोपुर थाना में आवेदन देकर आरोप लगाया था कि बलदेव यादव एवं अन्य लोगों ने उनके पति का हत्या की नीयत से अपहरण कर लिया है। इस संबंध में राघोपुर थाना कांड संख्या 162/26 दिनांक 7 मई 2026 को बीएनएस की धारा 140(1) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने आरोप के आधार पर रूपेश कुमार को पूछताछ के लिए थाना लाया था। वहीं एसडीपीओ बीरपुर सुरेंद्र कुमार खुद गठित टीम का मोनिटरिंग कर रहे थे, जो लगातार 48 घंटे तक संभावित ठिकानों पर छापेमारी करती रही। पुलिस ने घटना स्थल के आसपास मकई के खेतों में ड्रोन कैमरे से भी खोजबीन की, लेकिन शुरुआती दौर में कोई सुराग नहीं मिला।
इधर घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं और मामला राजनीतिक रूप भी लेने लगा। इसी बीच शनिवार अहले सुबह पुलिस को सूचना मिली कि सुखलाल मेहता सुपौल सदर अस्पताल में इलाज करा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और उन्हें बरामद कर राघोपुर थाना ले आई।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक पूछताछ के दौरान सुखलाल मेहता द्वारा अलग-अलग बयान दिए जा रहे हैं, जिससे पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पूरा मामला बलदेव यादव और उनके पुत्र रूपेश यादव को फंसाने और बदनाम करने की साजिश हो सकती है।
इधर आरोपी बनाए गए रूपेश कुमार को पुलिस तीन दिनों तक हिरासत में रखकर पूछताछ करती रही। सुखलाल मेहता की बरामदगी के बाद शनिवार की संध्या पुलिस ने उसे थाना से बेल देकर छोड़ दिया।
छापेमारी दल में थानाध्यक्ष अमित कुमार राय के अलावा पु.अ.नि. स्वीटी कुमारी, अमिय प्रसून, मुकुल आजाद, राजू कुमार, कैलाश राम तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
खबरें और भी हैं…..




