सुपौल: राघोपुर ब्लॉक कार्यालय के आगे नाला टूटने से पीडीएस खाद्यान्न लदा ट्रक धंसा, गुणवत्ता पर उठे सवाल

SHARE:

राघोपुर (सुपौल)

राघोपुर प्रखंड मुख्यालय के मुख्य द्वार के समीप एनएच-106 किनारे बनाए गए नाले की गुणवत्ता पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। निर्माण के कुछ ही महीने बाद शनिवार की संध्या करीब साढ़े चार बजे नाला टूट गया, जिससे जनवितरण प्रणाली (पीडीएस) का खाद्यान्न लेकर जा रहा ट्रक धंस गया। घटना के बाद प्रखंड मुख्यालय परिसर में अफरातफरी मच गई और लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार प्रखंड मुख्यालय परिसर स्थित एसएफसी गोदाम से खाद्यान्न लोड कर ट्रक बाहर निकल रहा था। इसी दौरान मुख्य द्वार के समीप सड़क के बीच बने नाले पर चढ़ते ही ट्रक का एक चक्का नाला तोड़ते हुए अंदर धंस गया। ट्रक फंस जाने से मुख्य मार्ग कुछ देर तक बाधित रहा।
घटना के बाद ट्रक पर लदे खाद्यान्न को दूसरी गाड़ी पर उतारा गया। इसके बाद फंसे ट्रक को निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन काफी मशक्कत के बाद भी सफलता नहीं मिली। निकालने का प्रयास जारी है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि एनएच-106 किनारे बनाए गए नालों का निर्माण बेहद घटिया तरीके से किया गया है। लोगों का कहना है कि हल्के वाहनों के चढ़ने पर भी नाले टूट जा रहे हैं और कई जगह पहले भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में गुणवत्ता की अनदेखी एवं निम्न स्तर की सामग्री उपयोग करने का आरोप लगाया है।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन एवं सुपौल जिलाधिकारी से पूरे नाला निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय जांच कराने तथा दोषी एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

इस संबंध में एनएच मधेपुरा डिवीजन के कार्यपालक अभियंता सत्येंद्र पाठक ने कहा कि उनके नाले पर ट्रक नहीं चढ़ना चाहिए। वैसे बताया कि उसे जानकारी मिली है तो उसे तुरंत ठीक करवाया जाएगा।

खबरें और भी हैं….

News Bihar Live
Author: News Bihar Live

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!