राघोपुर (सुपौल)
नगर पंचायत सिमराही की सशक्त स्थाई समिति के गठन को लेकर बुधवार को राघोपुर प्रखंड स्थित टीसीपी भवन में चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई। चुनाव का संचालन निर्वाची पदाधिकारी सह डीसीएलआर बीरपुर मुकेश कुमार यादव के नेतृत्व में सुबह 8 बजे से शुरू हुआ।
चुनाव प्रक्रिया को लेकर राघोपुर बीडीओ सतेंद्र कुमार यादव, बीसीओ सुनील कुमार देव एवं एमओ अमर कुमार को अलग-अलग पदों के लिए सहायक निर्वाची पदाधिकारी नियुक्त किया गया था। चुनाव में नगर पंचायत सिमराही के सभी 17 पार्षदों ने भाग लिया।
जानकारी के अनुसार सदस्य संख्या 1 के लिए वार्ड 10 की पार्षद कविता देवी एवं वार्ड 4 की पार्षद कविता देवी के बीच मुकाबला हुआ। सदस्य संख्या 2 के लिए वार्ड 9 के पार्षद मो. हैयुम एवं गणेश प्रसाद दास मैदान में थे, जबकि सदस्य संख्या 3 के लिए वार्ड 17 की पार्षद बुदनी देवी एवं सतीश कुमार यादव ने नामांकन किया था।
नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतदान कराया गया। मतगणना के उपरांत सदस्य संख्या 1 के लिए 17 मत पड़े जिसमें 2 मत रद्द हुए। वार्ड 10 की पार्षद कविता देवी विजयी घोषित की गईं। उन्होंने वार्ड 4 की पार्षद कविता देवी को 3 मतों से पराजित किया।
वहीं सदस्य संख्या 2 के लिए 17 मत पड़े जिसमें 2 मत रद्द हुए। वार्ड 9 के पार्षद मो. हैयुम निर्वाचित हुए। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी गणेश प्रसाद दास को 1 मत से हराया।
सदस्य संख्या 3 के लिए कुल 17 मत पड़े जिसमें 3 मत रद्द हुए। वार्ड 17 की पार्षद बुदनी देवी विजयी रहीं। उन्होंने सतीश कुमार यादव को 4 मतों से पराजित किया, सतीश को मात्र 5 मत प्राप्त हुआ।
मतगणना के बाद सभी निर्वाचित सदस्यों को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। इसके पश्चात निर्वाची पदाधिकारी द्वारा सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
खबरें और भी हैं.……




