राघोपुर (सुपौल)।
मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को राघोपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। थानाध्यक्ष अमित कुमार राय की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में एसडीपीओ बीरपुर सुरेंद्र कुमार, अंचलाधिकारी रश्मि प्रिया सहित थाना क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार ने कहा कि मोहर्रम के अवसर पर जुलूस निकालने अथवा मेला आयोजित करने के लिए संबंधित समिति को पूर्व में थाना से लाइसेंस प्राप्त करना अनिवार्य होगा। बिना लाइसेंस जुलूस या मेला आयोजित करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जुलूस में डीजे के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा तथा लाइसेंस आवेदन में जुलूस मार्ग, रन (अखाड़ा) स्थल, आयोजकों के नाम एवं प्रतिभागियों की संख्या की पूरी जानकारी देनी होगी।
उन्होंने कहा कि जिस-जिस स्थान पर मेला आयोजित होगा, वहां मेला समिति अपने स्तर से 10 से 15 स्वयंसेवकों की तैनाती करे ताकि सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन को सहयोग मिल सके। साथ ही चेतावनी दी कि जुलूस के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना होने पर लाइसेंस में दर्ज जिम्मेदार व्यक्तियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
वहीं थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने कहा कि मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। पर्व के दौरान असामाजिक तत्वों और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या भ्रामक सूचना की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की।
थानाध्यक्ष ने कहा कि कानून को हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी धार्मिक पर्व को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में आम लोगों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है।
बैठक में करजाइन थाना के थानाध्यक्ष, पूर्व प्रमुख महेंद्र गुप्ता, मुखिया राम यादव, मो. तबरेज, नूर आलम, मो. बसीर, मो. फैज सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे।
खबरें और भी हैं…….




