सुपौल : एसडीएम ने किया नगर पंचायत सिमराही कार्यालय का निरीक्षण, दो दिन में कचरा साफ करने का निर्देश

SHARE:

राघोपुर (सुपौल)।

बीरपुर के एसडीएम विनय कुमार ने शनिवार को नगर पंचायत सिमराही कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय में कार्यरत सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी कर्मियों की उपस्थिति, कार्यप्रणाली और दायित्वों की जानकारी ली।

कर्मी को निर्देश देते एसडीएम

इस दौरान एसडीएम ने लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी दीपक कुमार से मोबाइल पर बातचीत कर निर्देश दिया कि वे सप्ताह में कम-से-कम तीन दिन नगर पंचायत सिमराही में उपस्थित रहकर कार्य करें। उन्होंने यह भी कहा कि जिन तीन दिनों में वे सिमराही में रहेंगे, उसकी लिखित सूचना दिनवार उपलब्ध कराई जाए।

एसडीएम ने नगर क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर फैले कचरे की शिकायत का संज्ञान लेते हुए संबंधित पदाधिकारी को दो दिनों के भीतर सभी स्थानों से कचरा हटाने का निर्देश दिया। साथ ही नगर पंचायत कार्यालय परिसर एवं प्रखंड कार्यालय परिसर में जमा कचरे की तत्काल सफाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्वच्छता निरीक्षक एवं सफाई सुपरवाइजर से भी सफाई व्यवस्था को लेकर आवश्यक जानकारी ली।

निरीक्षण के क्रम में एसडीएम ने नगर क्षेत्र में आवासीय एवं व्यवसायिक भवनों की संख्या, होल्डिंग टैक्स की वसूली की स्थिति तथा नगर पंचायत में बनाए जा रहे जन्म एवं मृत्यु प्रमाणपत्रों की जानकारी भी प्राप्त की।

निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीत में एसडीएम विनय कुमार ने बताया कि यह उनका नियमित निरीक्षण था। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत के कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। हालांकि बाजार क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को लेकर कुछ शिकायतें मिली थीं, जिन्हें गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को दो दिनों के भीतर समस्या का समाधान करने का निर्देश दिया गया है।

खबरें और भी हैं….

News Bihar Live
Author: News Bihar Live

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!