राघोपुर (सुपौल)
राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत राम विशनपुर स्थित एनएच-27 पर बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब टिपिडी पेट्रोल पंप के सामने एक व्यक्ति खून से लथपथ हालत में सड़क किनारे गिरा हुआ पाया गया। राहगीरों ने घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल राघोपुर पहुंचाया। अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
इसके बाद पुलिस ने एक चौकीदार को साथ में भेजते हुए घायल को सुपौल सदर अस्पताल के लिए रवाना किया। घायल की पहचान उसके पास मिले आधार कार्ड के आधार पर किशनपुर थाना क्षेत्र के नोवाबाखेर निवासी 50 वर्षीय हरिनारायण साह के रूप में की गई है।
घटना को लेकर राघोपुर थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष स्वीटी कुमारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
खबरें और भी हैं…..




