सुपौल: राघोपुर में दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग से दहशत, मंदिर से लौट रही बुजुर्ग महिला से 1.70 लाख की चेन झपटी

SHARE:

राघोपुर (सुपौल)

राघोपुर थाना क्षेत्र के सिमराही बाजार में बुधवार शाम दिनदहाड़े हुई चेन स्नैचिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। एनएच-27 किनारे गुलाब दास ठाकुरबाड़ी दुर्गा मंदिर के पास बाइक सवार अज्ञात अपराधी ने एक बुजुर्ग महिला को निशाना बनाते हुए उनके गले से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर पंचायत सिमराही वार्ड संख्या 7 निवासी करीब 60 वर्षीय सुमित्रा देवी मंदिर में पूजा-अर्चना कर घर लौट रही थीं। इसी दौरान पहले से घात लगाए बदमाश ने मौका पाते ही उनके गले से करीब 10 ग्राम भरी सोने की चेन छीन ली। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी तेज रफ्तार बाइक से फरार हो गया। लूटी गई चेन की कीमत बाजार मूल्य के अनुसार करीब 1 लाख 70 हजार रुपये आंकी जा रही है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े, वह भी व्यस्त बाजार और मुख्य सड़क पर इस तरह की घटना होना पुलिस गश्ती व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। शाम के समय बाजार में भीड़ रहने के बावजूद अपराधी का आसानी से फरार हो जाना चिंता का विषय बना हुआ है।
गौरतलब है कि इस घटना से महज चार दिन पूर्व ही राघोपुर थाना से लगभग 100 मीटर की दूरी पर स्थित बजरंगबली मंदिर में दान-पेटी तोड़कर चोरी की वारदात हुई थी। लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से आम लोगों में भय और आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। राघोपुर थाना की प्रभारी थानाध्यक्ष स्वीटी कुमारी ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। पीड़िता से आवेदन प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके।

खबरें और भी हैं……

News Bihar Live
Author: News Bihar Live

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!