राघोपुर (सुपौल)
राघोपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को बाल श्रम के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए बड़ी कार्रवाई की। एनएच-106 पर प्रखंड मुख्यालय के समीप स्थित लक्की रायजी मीट होटल में छापेमारी कर एक नाबालिग बाल श्रमिक को मुक्त कराया गया। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया।
बाल एवं किशोर श्रम उन्मूलन को लेकर गठित धावा दल द्वारा चलाए गए इस संयुक्त अभियान का नेतृत्व श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी सुबेश कुमार पासवान ने किया। उनके साथ प्रतापगंज के नितिन कुमार, पिपरा के मिहिर कुमार और बसंतपुर के अमित कुमार केशरी भी मौजूद थे। छापेमारी के दौरान राघोपुर थाना की पुलिस टीम भी सक्रिय रही, जिसमें एएसआई अमिय प्रशुन दल-बल के साथ शामिल थे।
जांच के दौरान पाया गया कि होटल में एक नाबालिग बच्चे से काम कराया जा रहा था, जो बाल एवं किशोर श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम, 1986 का उल्लंघन है। इसके बाद टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बच्चे को मुक्त कराया और उसे सुरक्षित संरक्षण में भेज दिया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए राघोपुर थाना में कांड संख्या 148/26, दिनांक 24 अप्रैल 2026 के तहत धारा 3/3(A)/14(A) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस संबंध में श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी सुबेश कुमार पासवान ने स्वयं केस दर्ज कराया है।
थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि होटल संचालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने साफ किया है कि क्षेत्र में बाल श्रम के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
खबरें और भी हैं….




