राघोपुर (सुपौल)
राघोपुर प्रखंड क्षेत्र के नगर पंचायत सिमराही स्थित राम प्रसाद सावित्री देवी सरस्वती शिशु मंदिर में सोमवार को सेवा और सामाजिक सरोकार का प्रेरक उदाहरण देखने को मिला। लायंस क्लब सिमराही राघोपुर की ओर से विद्यालय के 40 छात्र-छात्राओं के बीच शैक्षणिक सामग्री का वितरण किया गया।
इस दौरान बच्चों को कॉपी, कलम, पेंसिल पैकेट, रबर, कटर और चॉकलेट प्रदान किए गए। सामग्री पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने क्लब के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को पढ़ाई के प्रति प्रेरित करना और उन्हें आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना था। इस मौके पर लायंस क्लब के पदाधिकारियों ने विद्यालय के प्रधानाचार्य और शिक्षक-शिक्षिकाओं को डायरी भेंट कर सम्मानित किया तथा शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की।
विद्यालय के शिक्षकों ने इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों के आत्मविश्वास और मनोबल को बढ़ाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में लायंस क्लब के अध्यक्ष सचिन माधोगडिया, कोषाध्यक्ष गोपाल पंसारी, उपाध्यक्ष सानु पंसारी एवं सदस्य आनंद मौजूद रहे। वहीं विद्यालय की ओर से प्रधानाचार्य संतोष कुमार भारती, आचार्या रुबी कुमारी सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं भी उपस्थित रहीं।
अध्यक्ष सचिन माधोगडिया ने कहा कि लायंस क्लब निरंतर सामाजिक सेवा कार्यों में सक्रिय है और समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहयोग पहुंचाना ही क्लब का उद्देश्य है।
कार्यक्रम के अंत में बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ ऐसे सेवा कार्यों को आगे भी जारी रखने का संकल्प लिया गया।
खबरें और भी हैं…..




