राघोपुर (सुपौल)
लगातार चार दिनों से रसोई गैस नहीं मिलने से नाराज उपभोक्ताओं का गुस्सा मंगलवार सुबह फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने नगर पंचायत सिमराही के धर्मपट्टी स्थित गणपति एचपी गैस एजेंसी के कार्यालय के सामने सुबह करीब 8 बजे एनएच-27 की दोनों लेन को जाम कर दिया और घंटों प्रदर्शन किया।
करीब डेढ़ घंटे तक चले इस जाम के कारण सड़क के दोनों ओर लगभग 5 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि एजेंसी द्वारा पिछले चार दिनों से गैस की आपूर्ति नहीं की जा रही है, जिसके चलते उनके घरों में खाना बनना बंद हो गया है और कई परिवारों को भूखे रहने की नौबत आ गई है।
लोगों ने एजेंसी संचालक पर कालाबाजारी का गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि गैस सिलेंडर 1800 से 2000 रुपये तक में बेचा जा रहा है। उनका कहना था कि जहां सरकार और प्रशासन होम डिलीवरी की बात करते हैं, वहीं एजेंसी संचालक चोरी-छिपे बगीचों और रात के अंधेरे में गैस की बिक्री कर रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि एजेंसी संचालक वेंडरों के माध्यम से कालाबाजारी करवा रहा है, जिससे आम उपभोक्ताओं को गैस नहीं मिल पाती। घरेलू गैस सिलेंडर को शादी-विवाह, होटल और चाय दुकानों में ऊंचे दाम पर पहुंचाया जा रहा है।
मंगलवार सुबह जब उपभोक्ता एजेंसी कार्यालय पहुंचे तो संचालक बिना कोई जानकारी दिए कार्यालय बंद कर फरार हो गया, जिससे लोगों का आक्रोश और बढ़ गया।
सूचना मिलने पर करीब डेढ़ घंटे बाद राघोपुर थाना पुलिस और एजेंसी के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने बुधवार से नियमित गैस आपूर्ति शुरू कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद लोगों ने जाम समाप्त किया और यातायात बहाल हो सका।
खबरें और भी हैं….




