सुपौल : राघोपुर में लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग का आरोप, घटनास्थल से मिला खोखा; पुलिस जांच में जुटी

SHARE:

राघोपुर (सुपौल):

राघोपुर थाना क्षेत्र के मानिकचंद चकला वार्ड संख्या-03 में शुक्रवार रात कथित तौर पर लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग कर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित भीम प्रसाद यादव ने राघोपुर थाना में लिखित आवेदन देकर चार लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।

आवेदन के अनुसार, शुक्रवार (17 जुलाई) की रात करीब 9:15 बजे बबलु यादव उर्फ वीरेंद्र यादव, उनके पुत्र अंकित यादव एवं आदित्य कुमार तथा भगवान सिंह हथियार और लाठी-डंडे से लैस होकर पहुंचे। आरोप है कि आरोपितों ने मारपीट की, गाली-गलौज की और जान मारने की नीयत से पिस्टल से दो राउंड फायरिंग की। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान उनके गले से करीब एक भरी सोने की चेन छीन ली गई।

पीड़ित ने आवेदन में आरोप लगाया है कि जिस लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग की गई, वह अंकित कुमार के नाम पर है, जबकि उसका उपयोग बबलु यादव करते हैं। उन्होंने यह भी कहा है कि भूमि विवाद और पुरानी रंजिश को लेकर घटना को अंजाम दिया गया तथा उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई है। पीड़ित ने अपने परिवार की सुरक्षा की भी मांग की है।

घटना की सूचना मिलने पर राघोपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से एक कारतूस का खोखा बरामद किया है।

राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि घटनास्थल से एक खोखा बरामद हुआ है। मामले की जांच की जा रही है। बताया कि मामले में दोनों पक्ष से आवेदन प्राप्त हुआ है। आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षो के द्वारा दिए आवेदन में लगाए गए आरोपों की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

खबरें और भी हैं……

News Bihar Live
Author: News Bihar Live

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई